ठिठुरने लगा उत्तराखंड

देहरादून। उत्तराखंड में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में आंशिक बादलों के साथ घने बादल मंडरा रहे हैं। जिससे तापमान में कमी दर्ज की जा रही है। साथ ही पहाड़ों में सुबह-शाम कड़ाके की ठंड महसूस की जा रही है। अब धीरे-धीरे पहाड़ों पर ठिठुरन बढ़ने लगी है। बर्फबारी से यहां पर्यटकों की संख्या में भी अब इजाफा होने लगा है।

देहरादून समेत आसपास के क्षेत्रों में सुबह-शाम ठंडक बढ़ गई है। मौसम विभाग के अनुसार, आज यानी सोमवार को प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की वर्षा और हिमपात के आसार हैं। जबकि, निचले क्षेत्रों में आंशिक बादल छाये रह सकते हैं। मौसम के इस बदलाव से अब तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है।

रविवार को देहरादून में सुबह से ही आंशिक बादलों के बीच धूप की आंख-मिचौली चलती रही। शाम को हवा चलने से ठिठुरन बढ़ गई। उधर, पहाड़ों में कहीं-कहीं घने बादलों के बीच हल्की बूंदाबांदी भी हुई, जिससे कंपकंपी बढ़ गई।

चारधाम समेत आसपास के क्षेत्रों में न्यूनतम पारा शून्य से नीचे बना हुआ है और अधिकतम पारे में भी गिरावट आ रही है। ज्यादातर क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान सामान्य से एक से दो डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया है। केदारनाथ में बर्फ की सफेद चादर अब दिखने लगी है। वहीं, केदारनाथ जाने वालों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ रहा है। अब जल्द ही चारधाम के कपाट बंद होने वाले है, इसलिए श्रद्धालु बड़ी संख्या में यहां पहुंच रहे हैं।

मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार, सोमवार को उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में आंशिक से लेकर पूर्ण रूप से बादल छाये रह सकते हैं। अब पहाड़ों पर और कड़ाके की ठंड पड़ने के आसार हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *