मानसून का उत्तर की ओर बढ़ना शुरू

नई दिल्ली। देश में उत्तर भारत समेत अधिकांश राज्यों में गर्मी से हाल बेहाल है। हालांकि मानसून की बारिश से कुछ राज्यों और शहरों में गर्मी से राहत जरूर मिली है। मौसम विभाग ने बताया कि मानसून ने 10 दिनों की धीमी चाल के बाद गुरुवार को उत्तर की ओर बढ़ना शुरू कर दिया। यह ओडिशा, छत्तीसगढ़ और विदर्भ के बड़े हिस्से के साथ-साथ उत्तर पश्चिम बंगाल की खाड़ी, उप हिमालयी बंगाल और बिहार के कुछ हिस्से में पहुंच गया है।

मौसम विभाग के अनुसार, आज (21 जून) दिल्ली, बिहार, झारखंड, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा कोंकण और गोवा, मध्य महाराष्ट्र के क्षेत्रों और गुजरात में भी भारी बारिश का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार अगले पांच दिनों में पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में भारी बारिश के आसार हैं।

गुरुवार को दिल्ली के न्यूनतम तापमान में एक दिन पहले के मुकाबले छह डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। इसी तरह अधिकतम तापमान में भी चार डिग्री की गिरावट देखने को मिली। 38 दिनों बाद ऐसा भी पहली बार देखने को मिला, जब दिल्ली के ज्यादातर इलाकों का अधिकतम तापमान 40 डिग्री से नीचे रिकॉर्ड किया गया।

उधर, हैरत की बात यह भी रही कि 40 डिग्री तापमान में भी उमस के कारण दिल्ली में हीट इंडेक्स 52 पहुंच गया, जिसके चलते उमस भरी गर्मी ने परेशान किया।

उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बुधवार रात से शुरू हुई बूंदाबांदी-आंधी और बादलों की सक्रियता से लोगों को कुछ राहत मिली। गुरुवार को जून में पहली बार लखनऊ के अधिकतम तापमान में बड़ी गिरावट दर्ज की गई। न्यूनतम तापमान 6.5 डिग्री लुढ़क कर 37.8 डिग्री सेल्सियस हो गया।

लगभग 20 से अधिक जिलों में दिन का पारा 40 डिग्री के नीचे दर्ज किया गया। बिहार में मानसून का प्रभाव होते ही बुधवार की देर रात पटना सहित कई जिलों में मानसून की पहली वर्षा ने लोगों को गर्मी से राहत दी।

तापमान में हुए आंशिक परिवर्तन के बाद भी बिहार में गर्मी का प्रकोप जारी है। गुरुवार को भी गया में दो और आरा (भोजपुर) में एक सीआरपीएफ जवान की लू लगने से मौत हो गई। गया के अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कालेज एवं अस्पताल के लू वार्ड में 26 लोगों का उपचार चल रहा है।

उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी और लू के बाद अब वज्रपात और आंधी-पानी के कारण भी मौतों की श्रृंखला बननी शुरू हो गई है। मीरजापुर में गुरुवार सुबह वज्रपात की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। बलिया में गंगा नदी में मछली पकड़ने के दौरान तेज आंधी में नौका पलटने से डूबकर एक की मौत हो गई।

बरेली में आंधी के दौरान छत गिरने से मजदूर और बदायूं में रास्ते पर पेड़ गिरने से कार सवार की मृत्यु हो गई। वहीं, लू की चपेट में आने से हापुड़ में तीन और चंदौली में एक की मृत्यु हुई है। हालांकि, लू से मौतों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *