पहाड़ों से आ रही बर्फीली हवाएं

नई दिल्ली: मार्च के छह दिन बीत चुके हैं। अभी भी दिल्ली-एनसीआर में सुबह और शाम के समय लोगों को ठंड महसूस हो रही है। बीते 13 सालों में पहली बार ऐसा हुआ है, जब मार्च में तीन दिन लगातार न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे रहा है। मार्च में इसका 10 डिग्री से नीचे रहना अससामान्य है। पूर्वानुमान के अनुसार आज भी न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से कम रहेगा। इसके बाद इसमें इजाफा हो सकता है।

बुधवार को अधिकतम तापमान 23.6 डिग्री रहा, जो यह सामान्य से 4 डिग्री कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 9 डिग्री रहा। यह भी सामान्य से 4 डिग्री कम है। बीते मंगलवार को न्यूनतम तापमान 9 डिग्री था। इससे पहले 2019 में न्यूनतम तापमान इससे कम हुआ था।

तब एक दिन तापमान 6.8 डिग्री रहा। बुधवार को पालम में न्यूनतम तापमान 9.9 डिग्री, लोदी रोड में 7.6 डिग्री, रिज 8.7 डिग्री, आया नगर में 8.5 डिग्री, जाफरपुर का 7.8 डिग्री, नरेला का न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री रहा। हवा में नमी का स्तर 34 से 75 प्रतिशत रहा।

स्काईमेट के अनुसार दिल्ली में पिछले तीन दिनों से सुबह व रात के समय ठंड बढ़ रही है। न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री कम है। इस वीकेंड तक मौसम के आसार कुछ कुछ ऐसे ही रह सकते हैं। इस समय एक वेस्टर्न डिस्टरबेंस उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों से गुजर रहा है। इसकी वजह से पहाड़ों पर बारिश व बर्फबारी हो रही है।

अगले दो दिनों में पहाड़ों पर हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी हो सकती है। यह सिस्टम कुछ कमजोर है इसलिए इसका असर दिल्ली पर अधिक देखने को नहीं मिलेगा। पहाड़ों से ठंडी हवाएं इस समय दिल्ली पहुंच रही है। अगले चार दिनों तक तापमान के सामान्य से नीचे रहने की संभावना है। उम्मीद है कि आठ मार्च को मौसम साफ होने के बाद सुबह की ठंड थोड़ी बढ़ेगी।

इसकी वजह से सुबह लंबे समय तक ठंडी और सुखद रहेगी। राजस्थान, हरियाणा और दिल्ली के कुछ हिस्सों में छिटपुट बादल छाए रह सकते हैं। अगले हफ्ते की शुरुआत में एक बार फिर बादल छा सकते हैं। सुबह का तापमान भी 10 डिग्री से ऊपर पहुंच सकता है। अधिकतम तापमान 27 से 28 डिग्री के करीब रह सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *