बारिश और कोहरे का डबल अटैक

नई दिल्ली: राजधानी में बुधवार को दो दिनों के बाद धूप निकली। इससे लोगों को दिन की ठिठुरन से राहत मिली। हालांकि यह राहत लंबे समय के लिए नहीं है। गुरुवार को दिन भर आंशिक बादल छाए रह सकते हैं। रात से बूंदाबांदी शुरू हो सकती है। इस बार 27 दिसंबर को अच्छी बारिश के साथ आंधी भी आने का अनुमान है। बारिश का यह दौर 28 दिसंबर को भी जारी रहेगा। आंधी, बारिश और धुंध को लेकर 26 से 29 दिसंबर तक येलो अलर्ट जारी किया गया है।

बुधवार सुबह की शुरुआत घने कोहरे से हुई। सुबह साढ़े पांच बजे पालम और सफदरजंग दोनों जगह विजिबिलिटी महज 350 मीटर दर्ज की गई। इसके बाद धूप निकलने लगी और विजिबिलिटी तेजी से बढ़ी। नौ बजे तक यह बढ़कर 1000 मीटर से अधिक चली गई। वहीं अधिकतम तापमान धूप की वजह से बढ़कर 22.4 डिग्री तक पहुंच गया। यह सामान्य से दो डिग्री अधिक रहा।

न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री रहा। यह सामान्य से एक डिग्री अधिक रहा। मौसम विभाग के अनुसार सुबह साढ़े आठ बजे तक सफदरजंग में तीन एमएम, पालम में 1.4 एमएम, आया नगर में 6.4 एमएम, गुरुग्राम में 2 एमएम, नोएडा में 0.5 एमएम, पीतमपुरा में 0.5 एमएम, पूसा में 0.5 एमएम, मयूर विहार में 0.5 एमएम और राजघाट में 6.5 एमएम बारिश हुई।

पूर्वानुमान के अनुसार गुरुवार सुबह अधिकांश जगहों पर मध्यम कोहरा रहेगा। कुछ जगहों पर घना कोहरा भी रह सकता है। आंशिक तौर पर बादल छाए रह सकते हैं। शाम और रात के समय बूंदाबांदी हो सकती है। अधिकतम तापमान 23 और न्यूनतम 7 डिग्री तक रहेगा। इसके बाद 27 दिसंबर को मौसम काफी खराब रह सकता है।

पूरे दिन बादल छाए रहेंगे। हल्की से मध्यम बारिश होगी। बारिश के साथ आंधी और तेज हवाएं चलेंगी। हवाओं की गति 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है। अधिकतम तापमान 21 और न्यूनतम 11 डिग्री तक रह सकता है। वहीं 28 दिसंबर को मध्यम कोहरा रह सकता है। दिन के समय कुछ जगहों पर शीतलहर की स्थिति रह सकती है।

दिन के समय शीतलहर की स्थिति इस सीजन में पहली बार बनने का अनुमान है। बादल छाए रहेंगे। हल्की से मध्यम बारिश रहेगी। अधिकतम तापमान 20 और न्यूनतम 11 डिग्री तक रह सकता है। 30 दिसंबर से मौसम साफ हो जाएगा।

सुबह की शुरुआत घने कोहरे से हो सकती है। अधिकतम तापमान 21 और न्यूनतम कम होकर आठ डिग्री तक सिमट सकता है। 30 और 31 दिसंबर को मध्यम कोहरा रह सकता है। अधिकतम तापमान 22 और न्यूनतम 6 से 7 डिग्री तक रह सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *