कांग्रेस चलाएगी मेरा वोट मेरा अधिकार अभियान

देहरादून :प्रदेश कांग्रेस कमेटी हाईकमान के दिशा-निर्देश पर राज्य के सभी नगर निकायों व केदारनाथ विधानसभा क्षेत्र में मेरा वोट-मेरा अधिकार अभियान चलाएगी। यह अभियान तीन माह तक चलेगा। जिसमें कांग्रेस ऐसे मतदाताओं से संपर्क करेगी। जिनके नाम सूची से हटाए गए। इन मतदाताओं से नाम हटाने के कारणों को लेकर तथ्यों को जुटाया जाएगा।

कांग्रेस भवन में अखिल भारतीय कांग्रेस कार्य समिति सदस्य गुरदीप सिंह सप्पल की अध्यक्षता में सभी जिला व महानगर अध्यक्षों के साथ बैठक कर अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के बारे में चर्चा की गई। बैठक के बाद प्रेसवार्ता में सप्पल ने कहा कि संविधान में हर नागरिक को वोट देने का मौलिक अधिकार दिया गया है। लेकिन पिछले कुछ चुनाव में यह देखा गया कि एक षडयंत्र के तहत भाजपा मताधिकार को छीनने का काम कर रही है।

पार्टी हाईकमान ने उत्तराखंड व महाराष्ट्र से मेरा वोट-मेरा अधिकार अभियान शुरू करने का निर्णय लिया है। महाराष्ट्र में लोकसभा चुनाव में कांग्रेस गठबंधन को 288 विधानसभा सीटों में 156 में बढ़त मिली थी। लेकिन विधानसभा चुनाव में गठबंधन की हार हुई। जांच में पाया गया कि कांग्रेस का वोट प्रतिशत बराबर था। लेकिन भाजपा ने सत्ता पर काबिज होने के लिए 70 लाख मतदाता बढ़ाए।आठ लाख मतदाताओं को सूची से हटाया गया।

उत्तराखंड में नगर निकाय चुनाव में हर निकाय में बड़ी संख्या में नाम हटा कर मतदाताओं को वोट के अधिकार से वंचित किया गया। मतदाता सूची से नाम हटाने की एक प्रक्रिया होती है। अभियान के दौरान लोगों से पूछा जाएगा कि चुनाव आयोग ने इस प्रक्रिया का पालन किया। किस आधार पर मतदाताओं के नाम काटे गए।

सप्पल ने कहा कि निष्पक्ष चुनाव कराने की जिम्मेदारी चुनाव आयोग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता पर काबिज होने के लिए जनमत को चुराने का काम कर रही है। इस मौके पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक प्रीतम सिंह, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल मौजूद रहे।

प्रदेश कांग्रेस की ओर से अभियान को धार देने के लिए जिला स्तर पर पार्टी पदाधिकारियों को प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाएगी। जिसमें उन्हें मतदाता सूची से नाम हटाने व जोड़ने संबंधित प्रक्रिया व नियमों की जानकारी दी जाएगी। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 20 व 21 मार्च को आयोजित किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *