उत्तर भारत में ठंड

नई दिल्ली। अक्टूबर के पूर्वार्ध में भी गर्मी झेलने के बाद अब एनसीआर सहित उत्तर भारत के सभी हिस्सों में ठंड की दस्तक हो जाएगी। माह के उत्तरार्ध में सुबह एवं शाम के समय में ही नहीं, बल्कि दिन में भी मौसम में परिवर्तन देखने को मिलेगा।

मौसम विज्ञानियों के अनुसार, इस वर्ष अभी तक पश्चिमी विक्षोभों का अभाव चल रहा है। आकाश भी एकदम साफ बना हुआ है। इसीलिए अक्टूबर के पहले पखवाड़े में तेज धूप ने परेशान किया, जबकि अब धीरे-धीरे तापमान में गिरावट आनी शुरू हो गई है।

दिल्ली का अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान जोकि सामान्य से ऊपर चल रहा था, अब इसके आसपास ही या नीचे आ गया है। अगले एक सप्ताह में अधिकतम तापमान 33 से 34 जबकि न्यूनतम 16 से 17 डिग्री पर आ जाएगा। माह के आखिर तक यह क्रमश: 31 से 32 डिग्री और 14 से 15 डिग्री तक पहुंच जाने की संभावना है।

मौसम विज्ञानियों के अनुसार, हवा की दिशा उत्तर पश्चिमी हो गई है। इसके साथ पहाड़ों की ठंडक भी पहुंच रही है। लिहाजा राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र सहित उत्तर भारत के लगभग सभी राज्यों- पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश व राजस्थान में सुबह-शाम का मौसम बदल रहा है, तापमान भी गिरना शुरू हो गया है।

बताया जाता है कि माह के अंत तक तीन से चार डिग्री तक तापमान गिर जाएंगे। नवंबर के मध्य तक ठीकठाक ठंड हो जाने से गर्म कपड़े भी नजर आने लगेंगे।आसमान साफ रहने से पहले तापमान बढ़ रहा था, जबकि अब गिरने लगा है। पश्चिमी विक्षोभ आने पर मौसम और तेजी से बदलेगा। संभावना बन रही है कि पहाड़ों पर जो बर्फबारी पहले दिसंबर में होती थी, इस बार नवंबर में ही हो सकती है। -महेश पलावत, उपाध्यक्ष (मौसम विज्ञान एवं जलवायु परिवर्तन), स्काईमेट वेदर

सोमवार को भी दिल्ली में दिन भर आसमान साफ रहा और धूप खिली रही। अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 34.4 डिग्री और न्यूनतम सामान्य से एक डिग्री कम 18.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। अधिकतम तापमान रविवार के मुकाबले एक डिग्री और नीचे आ गया, जबकि न्यूनतम तापमान रविवार के स्तर पर ही बना रहा।सोमवार को हवा में नमी का स्तर 94 से 28 प्रतिशत रहा। मंगलवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहने तथा अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान क्रमश: 35 और 18 डिग्री रहने का पूर्वानुमान है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *