नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव के दौरान यमुना प्रदूषण पर खूब चर्चा हुई थी। 27 साल बाद जब राजधानी में भाजपा की सरकार बनी तो इस दिशा में काम भी शुरू हुआ। मशीनों के जरिए नदी से कूड़ा-कचरा निकाला जाने लगा।
उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने तीन साल में यमुना को साफ रखने का लक्ष्य रखा है। यमुना सफाई को लेकर दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने मंगलवार को बयान जारी किया है।
एएनआई न्यूज एजेंसी के हवाले की सीएम रेखा गुप्ता ने कहा, “यमुना की सफाई का काम अब रुकने वाला नहीं है। इस पर काम करने वाली बड़ी टीम रोजाना काम करेगी। हम यमुना नदी की सफाई में एक सेकंड भी बर्बाद नहीं कर रहे हैं। जल्द ही दिल्ली के लोग यमुना के किनारे बैठकर बनारस की गंगा आरती जैसी भव्य यमुना आरती देखेंगे।”
विशेषज्ञों का मानना है कि तीन साल में यह लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। बशर्ते सही दिशा में प्रयास किए जाएं। इन प्रयासों में तालाब, झील जैसे स्थानीय जल स्रोतों को वर्षा जल से भरने के साथ ही भूजल को बढ़ाना भी शामिल है।