पांच जिलों में जमकर बरसेंगे बादल

देहरादून: उत्तराखंड में मौसम विज्ञान केंद्र ने देहरादून, बागेश्वर, नैनीताल, उधम सिंह नगर और चंपावत जिले के कुछ क्षेत्रों में तेज बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। जबकि अन्य जिलों में हल्की बारिश होने की संभावना है तो कुछ जिलों में मौसम शुष्क रहेगा। मानसून सीजन में यमुनोत्री हाइवे और भी ज्यादा खतरनाक हो गया है।

मॉनसून के बाद सितंबर और अक्टूबर का महीना चार धाम यात्रा का सीजन के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण होता है। बारिश रुकने के बाद यात्रियों की संख्या बढ़ने लगती है। लेकिन इस बार यमुनोत्री धाम की यात्रा चुनौतीपूर्ण होने जा रही है। मानसून सीजन में 102 किलोमीटर लंबे यमुनोत्री हाईवे पर 8 नए भूस्खलन जोन सक्रिय हुए हैं।

राड़ीटॉप और जंगल चट्टी के बीच मार्ग की मरम्मत लंबे अरसे से नहीं हुई है। धरासू-यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग बदहाल स्थिति में है। बारिश के कारण सबसे अधिक नुकसान इस बार सड़क मार्गों को पहुंचा है। उत्तरकाशी में यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग 2 महीने के मानसून सीजन में 16 जगह पर 200 घंटे से अधिक अवरुद्ध रहा। यह हाइवे सबसे ज्यादा डाबरकोट के बाधित हुआ। 2 महीने के अंतराल में डाबरकोट के पास 20 से अधिक बार अवरूद्ध हुआ है।

यहां हल्की सी बारिश में भी भूस्खलन जोन सक्रिय हो रहे हैं। सितंबर और अक्टूबर में मौसम सही होने के कारण यात्रा में तीर्थ यात्रा की संख्या बढ़ जाती है। अब यात्रा सुचारू होने पर रास्ते में यह भूस्खलन जोन चुनौती बन सकते हैं। वहीं, केदारनाथ यात्रा में एक बार फिर श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने लगी है। शनिवार को सोनप्रयाग से 2075 तीर्थयात्री बाबा केदारनाथ के दर्शनों के लिए यात्रा रवाना हुए।

31 जुलाई की अतिवृष्टि के बाद पैदल मार्ग पर यात्रा रोक दी गई थी लेकिन अब रास्ते से दुरुस्त होने के बाद यात्रियों की आवाजाही से पैदल मार्गों पर रौनक बढ़ने लगी है। यात्रियों की संख्या में भी इजाफा हो रहा है जिसके चलते व्यापारियों ने भी सांस ली है। प्रदेश में इन दोनों बारिश का क्रम धीमा पड़ने से तापमान में वृद्धि हो गई है। पहाड़ों में भले ही मौसम सुहाना बना हुआ हो लेकिन मैदानी क्षेत्रों में गर्मी सता रही है। तेज धूप के साथ सुबह की शुरुआत पूरा दिन लोगों को झुलसा रही है।

शनिवार को देहरादून का अधिकतम तापमान 35.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि 2023 में इस दिन का अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया था। रविवार को भी देहरादून का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस रहने के आसार हैं। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार आने वाले दिनों में मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। मैदानी इलाकों में तेज धूप खिलने से तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *