बाढ़: 109 लोगों की गई जान

नई दिल्लीः देश के अधिकतर राज्यों में बारिश हो रही है। उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान और गुजरात के कई जिलो में पिछले कई दिनों से बारिश का दौर चल रहा है। उत्तर प्रदेश, बिहार और असम की कई नदियां उफान पर हैं। यूपी और असम के कई जिलो में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। असम में आई बाढ़ से 1,342 गांव जलमग्न हैं। 25,367.61 हेक्टेयर फसल क्षेत्र क्षतिग्रस्त हो गई है। राज्य की ब्रह्मपुत्र नदी निमाटीघाट, तेजपुर और धुबरी में खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। असम में आई बाढ़ से 109 लोगों की जान भी जा चुकी है।

भारी बारिश के बीच उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में राप्ती नदी का जलस्तर बढ़ गया है। गोरखपुर में बाढ़ की स्थिति बन गई है। कई गांव पानी में डूब गए हैं। गोरखपुर के अलावा हरदोई की गर्रा नदी का जलस्तर भी बढ़ा हुआ है। हरदोई के करीब 150 गांव बाढ़ के पानी में डूबे हुए हैं। ग्रामीण ऊंचाई वाली सड़कों पर घर का सामान लाकर रहने को मजबूर हैं।

सोमवार को दिल्ली-NCR के कई इलाकों में भारी बारिश हुई। दिल्ली के सिविल लाइंस समेत कई जगहों पर जलभराव की स्थित भी पैदा हो गई। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने बताया कि सोमवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन के औसत से 1.8 डिग्री सेल्सियस अधिक है।

सोमवार को महाराष्ट्र के कई जिलों में भी जमकर बारिश हुई। महाराष्ट्र के सतारा, कोल्हापुर, सिंधुदुर्ग और रत्नागिरी को भारी बारिश के कारण रेड अलर्ट पर रखा गया है। मुंबई और पालघर में येलो अलर्ट जारी किया गया है, जबकि ठाणे, रायगढ़ और पुणे में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। लगातार हो रही बारिश और आंधी के कारण मुंबई के कई इलाकों में भारी जलभराव हो गया है।

मौसम विभाग ने कर्नाटक, केरल और गोवा के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने कोंकण, गोवा, कर्नाटक के साथ-साथ केरल में भी अलग-अलग स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश होने की संभावना जताई है।आईएमडी के वैज्ञानिक नरेश कुमार ने कहा कि मानसून नीचे (दक्षिण) की ओर बढ़ रहा है। आने वाले दिनों में दक्षिण भारत के कई राज्यों में जमकर बारिश होगी। भारी बारिश की संभावना के चलते केरल, कोंकण और गोवा के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। इन सभी जगहों पर 20 सेंटीमीटर से अधिक बारिश हो सकती है।

गोवा के कई इलाकों में भारी बारिश और आईएमडी रेड अलर्ट के बाद राज्य के शिक्षा विभाग ने 15 जुलाई को कक्षा 12 तक के स्कूलों में छुट्टी की घोषणा की है। केरल में मलप्पुरम, कन्नूर और कासरगोड के लिए रेड अलर्ट और एर्नाकुलम, त्रिशूर, पलक्कड़, कोझीकोड और वायनाड के लिए ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया गया। भारी बारिश और आंधी के कारण केरल के छह जिलों में स्कूल और संस्थान बंद कर दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *