कोरोना के बाद पहली बार श्मशान घाट पर लग रहीं कतारें,अस्पताल भी हुए फुल !

नई दिल्ली। भीषण गर्मी में दिल्ली-एनसीआर दम तोड़ने लगे हैं। गर्मी से हालात कुछ ऐसे हैं कि राष्ट्रीय राजधानी के निगमबोध घाट पर शवों की कतारें लगी हुई हैं। जिसमें बुजुर्गों के शवों की संख्या अधिक है।दिल्ली के निगम बोध घाट पर कल रिकॉर्ड 95 शवों का दाह संस्कार हुआ। घाट प्रबंधन से जुड़े लोगों के अनुसार यह कोरोना महामारी के दौर के बाद का नया रिकॉर्ड है। आज भी शवों की कतारें लगी हुई हैं।

बता दें कि आम तौर पर कश्मीरी गेट स्थित निगमबोध घाट पर 40 से 50 शवों का अंतिम संस्कार किया जाता है, जबकि कोरोना के दौरान यह संख्या 100 से अधिक पहुंच गई थी।अप्रैल 2021 में एक दिन यहां 107 शव आए थे। अब भीषण गर्मी भी उसी तरह का कहर ढा रही है। निगम घाट के प्रबंधक सुमन गुप्ता के अनुसार हाल के दिनों में शवों की संख्या अधिक हुई है और इसमें गर्मी की चपेट में आकर दम तोड़ने वालों की संख्या अधिक है।

प्रचंड गर्मी के बीच दिल्ली में अब दिन ही नहीं, रात की गर्मी भी रिकार्ड तोड़ रही है। इसी क्रम में मंगलवार को न्यूनतम तापमान ने छह साल का रिकार्ड तोड़ दिया।अधिकतम तापमान 44 डिग्री दर्ज किया गया, लेकिन चिलचिलाती धूप और विभिन्न इलाकों में चली लू में हीट इंडेक्स 51 रहा। यानी 51 डिग्री सेल्सियस की गर्मी का एहसास किया गया।

मंगलवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान सामान्य से छह डिग्री अधिक 33.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह इस सीजन का ही नहीं बल्कि 13 जून 2018 के बाद छह साल का सबसे ज्यादा है, जब न्यूनतम तापमान 34 डिग्री रिकार्ड हुआ था। अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री अधिक 44.0 डिग्री दर्ज किया गया।

गाजियाबाद में भी गर्मी में लोगों की तबीयत बिगड़ रही है, पहले से बीमार लोगों की सेहत पर इसका बुरा असर पड़ रहा है। पिछले 24 घंटे में जिले के सरकारी अस्पतालों की इमरजेंसी में 30 लोगों को मृतावस्था में लाया गया।अकेले जिला एमएमजी अस्पताल की इमरजेंसी में 24 घंटे में 26 लोगों को मृतावस्था में लाया गया है। इनमें से 12 शवों को स्वजन को सौंप दिया गया और अन्य शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

संयुक्त अस्पताल और सीएचसी लोनी में दो की मौत हुई है। सोमवार और मंगलवार देर शाम तक कोविड के बाद पहली बार जिला एमएमजी अस्पताल की इमरजेंसी में इतने लोगों को मृतावस्था में लाया गया।चिकित्सकों ने सभी को मृत घोषित कर दिया। इनमें अधिकांश अज्ञात लोग शामिल है। चिकित्सकों के अनुसार भीषण गर्मी के चलते लोग बेहोश होकर गिर रहे हैं।

नोएडा और सेंट्रल नोएडा जोन में पिछले 24 घंटे में अलग-अलग स्थान पर करीब 15 लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।मौत का सही कारण जानने के लिए पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शुरुआती जांच में इन मौतों का कारण गर्मी ही माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *