दही हांडी उत्सव के दौरान 63 घायल

मुंबई। मुंबई में दही हांडी उत्सव के दौरान मानव पिरामिड बनाने में शामिल लगभग 63 गोविंदा मंगलवार को घायल हो गए। नगर निगम के एक अधिकारी ने बताया कि घायल गोविंदाओं को बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) संचालित और निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

जन्माष्टमी उत्सव के तहत दही हांडी का आयोजन किया जाता है। मुंबई और महाराष्ट्र के अन्य भागों में यह त्योहार पारंपरिक उत्साह और उल्लास के साथ मनाया जाता है। दही हांडी में भाग लेने वाले गोविंदा मानव पिरामिड बनाते हैं और हवा में लटक रही दही से भरी मिट्टी की हांडी को तोड़ते हैं।

नगर निगम के अधिकारी ने कहा कि शाम सात बजे तक मानव पिरामिड बनाने के प्रयास में 63 गोविंदा घायल हो गए। इनमें से आठ को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है और 32 का ओपीडी में इलाज चल रहा है जबकि 23 को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।

कई महिला गोविंदा समूह भी मानव पिरामिड बनाकर दही हांडी तोड़ने शामिल हुए हैं। प्रमुख चौराहों या जंक्शनों पर दही हांडी लटकाई गई थी जिससे मुंबई के कई क्षेत्रों में यातायात जाम हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *